संसद पर आतंकी हमले की 24वीं बरसी: शहीदों को पीएम मोदी, उपराष्ट्रपति और विपक्षी नेताओं की श्रद्धांजलि

नई दिल्ली।
संसद पर हुए आतंकी हमले की 24वीं बरसी पर शुक्रवार को देश ने अपने शहीद सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी सहित कई केंद्रीय मंत्री भी उपस्थित रहे।

संविधान सदन (पुराना संसद भवन) परिसर के बाहर आयोजित संक्षिप्त श्रद्धांजलि समारोह में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू, जितेंद्र सिंह और अर्जुन राम मेघवाल ने भी शहीदों की तस्वीरों पर फूल चढ़ाए। हर वर्ष 13 दिसंबर को संसद पर हुए इस कायराना हमले की याद में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

समारोह के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने ‘सम्मान गार्ड’ प्रस्तुत किया और इसके बाद शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 तक यह परंपरा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा ‘सलामी शस्त्र’ के माध्यम से निभाई जाती रही है।

इस बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र के लातूर गए हुए हैं।

गौरतलब है कि 13 दिसंबर 2001 को संसद भवन पर पांच सशस्त्र आतंकवादियों ने हमला किया था। तत्कालीन संसद सुरक्षा सेवा, सीआरपीएफ और दिल्ली पुलिस के जवानों की तत्परता से आतंकियों को संसद भवन में प्रवेश करने से पहले ही ढेर कर दिया गया। इस हमले में दिल्ली पुलिस के छह जवान, संसद सुरक्षा सेवा के दो कर्मी, एक माली और एक टीवी वीडियो पत्रकार शहीद हो गए थे, जबकि सभी पांचों आतंकवादी मारे गए थे।

देश ने एक बार फिर अपने वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *