“संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है भाजपा” : बर्लिन में राहुल गांधी का बड़ा आरोप

बर्लिन।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भारतीय संविधान को कमजोर करने और उसकी मूल भावना को समाप्त करने का गंभीर आरोप लगाया है। जर्मनी दौरे के दौरान बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल में छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय संविधान केवल भारत की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की लोकतांत्रिक धरोहर है, जिसे मौजूदा सत्ता से खतरा पैदा हो गया है।

राहुल गांधी ने कहा कि संविधान समानता के विचार पर आधारित है—चाहे वह राज्यों के बीच हो, भाषाओं के बीच हो या धर्मों के बीच। लेकिन भाजपा इस मूल विचार को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल संस्थानों का इस्तेमाल लोकतंत्र को मजबूत करने के बजाय अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने के लिए कर रहा है, जो वैश्विक लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी हमला है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि विपक्ष भाजपा से नहीं, बल्कि देश की संस्थागत संरचना पर उसके “कब्जे” से लड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश में संवैधानिक संस्थानों पर “पूर्ण पैमाने पर हमला” हो रहा है और विपक्ष इसके खिलाफ संगठित प्रतिरोध की रणनीति तैयार कर रहा है।

चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत की चुनावी प्रणाली में गंभीर समस्याएं हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पास सबूत हैं कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत मिली थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव निष्पक्ष नहीं थे।

राहुल गांधी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा इन्हें अपनी निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल कर रही है। उनके अनुसार, इन एजेंसियों के अधिकांश मामले विपक्षी नेताओं के खिलाफ दर्ज हैं, जो राजनीतिक बदले की भावना को दर्शाते हैं।

आर्थिक मोर्चे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा सरकार का आर्थिक मॉडल अब आगे नहीं बढ़ पा रहा है और पूरी तरह से ठहराव की स्थिति में है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस ने मूल रूप से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आर्थिक मॉडल को ही अपनाया है।

भारत की लोकतांत्रिक विरासत का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जहां यूरोप को एक संघ बनाने में दशकों लगे, वहीं भारत ने 1947 में संविधान के जरिए एक आर्थिक और राजनीतिक संघ की नींव रखी। उन्होंने भारत को दुनिया का सबसे बड़ा और जटिल लोकतंत्र बताते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र एक वैश्विक सार्वजनिक संपत्ति है।

INDIA गठबंधन पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गठबंधन के सभी दल आरएसएस की विचारधारा से असहमत हैं और इसी मुद्दे पर पूरी तरह एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्तर पर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन संसद और लोकतंत्र की रक्षा के सवाल पर विपक्ष पूरी मजबूती से एक साथ खड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *