अंडमान में होगी गृह मंत्रालय की अहम बैठक, अमित शाह करेंगे संसदीय समिति की अध्यक्षता
श्री विजयपुरम, 2 जनवरी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गृह मंत्रालय से संबंधित संसदीय सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक 3 जनवरी को श्री विजयपुरम के निकट वांडूर में आयोजित की जाएगी, जिसमें आंतरिक सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और मंत्रालय से जुड़े प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
गृह मंत्री तीन दिवसीय दौरे पर अंडमान पहुंचे हैं। उनके आगमन पर उपराज्यपाल एडमिरल (सेवानिवृत्त) डी.के. जोशी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया। बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सहित समिति के कई सदस्य सांसद भी शामिल होंगे।
बैठक के बाद अमित शाह डॉ. बी.आर. आंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (DBRAIT) में भारतीय न्याय संहिता से जुड़े एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। दौरे के दौरान उनके एक जनसभा को संबोधित करने की भी संभावना है।
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए द्वीप समूह में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्री विजयपुरम और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन एवं अन्य हवाई गतिविधियों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।
बताया गया है कि इस दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान भी अंडमान पहुंच सकते हैं और अंडमान-निकोबार कमान तथा कार निकोबार का दौरा करेंगे। अमित शाह का 4 जनवरी को दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।