मुंगेर दौरे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, गंगा पथ परियोजना का निरीक्षण और कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह
मुंगेर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने मुंगेर दौरे के दौरान विकास, आस्था और संगठन—तीनों क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस क्रम में उन्होंने मुंगेर के बबुआ घाट स्थित प्रस्तावित मुंगेर-भागलपुर गंगा पथ (मरीन ड्राइव) परियोजना के कार्यस्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना से जुड़े हर पहलू को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तार से समझा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्रीय विकास, यातायात सुगमता, स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि एनडीए सरकार बिहार के समृद्ध भविष्य के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने मुंगेर स्थित ज्योति मंदिर में प्रभु के दर्शन-पूजन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं निरंतर प्रगति की कामना की। साथ ही श्रीनिवास आश्रम में पूज्य स्वामी जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।
कार्यशाला में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और प्रशिक्षण की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संगठन की शक्ति ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होती है।