सोनारपुर हमले में बड़ा एक्शन: अभिषेक बनर्जी पर हमले के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न (BAJMC)
कोलकाता/सोनारपुर: पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा 2 अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया और तीन विशेष टीमों का गठन कर रातभर छापेमारी की गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
घटना शनिवार शाम की है, जब अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में पोस्ट-पोल हिंसा के पीड़ितों के परिजनों से मिलने पहुंचे थे। संकरी सड़क होने के कारण उन्हें बाइक से जाना पड़ा, इसी दौरान भीड़ ने उन्हें घेर लिया और कथित तौर पर पत्थर, अंडे, चप्पल फेंककर हमला किया।
हमले में बनर्जी को मामूली चोटें आईं और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद देर रात छुट्टी दे दी गई।
इस घटना के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। तृणमूल कांग्रेस ने इसे साजिश करार देते हुए भाजपा पर आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे जनता का गुस्सा बताया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।