पटना में खान सर के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, ‘रौशन सर को रिहा करो’ के लगे नारे

पटना | अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न BAJMC

राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, यह प्रदर्शन ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर से जुड़े छात्रों द्वारा किया गया, जिन्होंने सड़कों पर उतरकर जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने “खान सर को गिरफ्तार करो” और “रौशन सर को रिहा करो” जैसे नारे लगाए। उनका मुख्य मांग ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई को लेकर थी, जिन्हें हाल ही में एक मामले में गिरफ्तार किया गया है।

बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद हाल ही में खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के बाद बढ़ा है। इस घटना में तोड़फोड़ और हिंसा की बात सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कुछ लोगों को हिरासत में लिया।

इसी घटनाक्रम के विरोध में अब छात्रों ने प्रदर्शन का रास्ता अपनाया है। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण बना रहा, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखने की कोशिश कर रही है।

इस पूरे मामले ने पटना के कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा और तनाव को एक बार फिर उजागर कर दिया है, जिससे छात्रों के बीच भी असंतोष की स्थिति बनती दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *