जंतर-मंतर पर युवाओं का उबाल: CJP संस्थापक अभिजीत दिपके के नेतृत्व में सैकड़ों का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

 अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न 

नई दिल्ली, 6 जून।
राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को युवाओं का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला, जहां ‘कॉकरेच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र और युवा जुटे। प्रदर्शनकारियों ने कथित परीक्षा अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र, युवा पेशेवर और अभिभावक भी शामिल हुए। कई प्रदर्शनकारी कॉकरेच मास्क पहने नजर आए और हाथों में तिरंगा व फूल लिए हुए थे।

प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए सरकार से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। यह आंदोलन NEET, CBSE, CUET और SSC जैसी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर चलाया जा रहा है।

CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने प्रदर्शन से पहले समर्थकों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से आंदोलन करने की अपील की थी। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से किताब और तिरंगा लाने तथा पुलिसकर्मियों को फूल देने का भी आग्रह किया, ताकि आंदोलन “प्रेम और शांति” के साथ आगे बढ़े।

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी आंदोलन को समर्थन दिया और कहा कि यदि दिपके को गिरफ्तार किया जाता है तो वे छह सप्ताह का अनशन करेंगे।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित इस प्रदर्शन को लेकर प्रशासन सतर्क रहा। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने अपने आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण बनाए रखने का भरोसा जताया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *