सात साल का इंतजार खत्म: भारत ने बांग्लादेश को 3-1 से हराकर जीता SAFF महिला चैंपियनशिप खिताब
गोवा | अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात वर्षों के लंबे इंतजार को खत्म कर दिया। टीम इंडिया ने SAFF महिला चैंपियनशिप के फाइनल में बांग्लादेश को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
इस जीत के साथ भारत ने छठी बार SAFF महिला चैंपियनशिप का खिताब जीता और दक्षिण एशियाई फुटबॉल में अपनी बादशाहत फिर से स्थापित कर दी।
फाइनल मुकाबले में भारत की ओर से प्यारी ज़ाक्षा (42वां मिनट), संफिदा नोंगरम (46वां मिनट) और लिंडा कॉम सेर्टो (82वां मिनट) ने गोल दागे, जबकि बांग्लादेश के लिए एकमात्र गोल रितुपोर्ना चकमा ने किया।
पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिला। टीम ने बिना कोई मैच हारे खिताब जीता और कुल 18 गोल किए, जबकि सिर्फ एक गोल ही खाया।
गौरतलब है कि भारत ने आखिरी बार यह खिताब 2019 में जीता था, जबकि पिछले दो संस्करणों में बांग्लादेश ने बाजी मारी थी। ऐसे में इस जीत को भारतीय टीम की मजबूत वापसी के रूप में देखा जा रहा है।
इस ऐतिहासिक जीत ने न केवल भारतीय महिला फुटबॉल को नई पहचान दी है, बल्कि आने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स के लिए टीम का मनोबल भी बढ़ाया है।