उज्ज्वला योजना पर बड़ा असर: सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर 9 से घटाकर 4, गरीब परिवारों पर बढ़ेगा बोझ

 Anirudh Narayan, Intern

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडरों की संख्या में बड़ा बदलाव करते हुए इसे सालाना 9 से घटाकर केवल 4 कर दिया है। इस फैसले से देश के करीब 10 करोड़ से अधिक लाभार्थी परिवार सीधे प्रभावित होंगे।

सरकार के इस निर्णय के अनुसार अब उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को साल में केवल चार सिलेंडरों पर ही ₹300 प्रति सिलेंडर की सब्सिडी मिलेगी। पहले यह सुविधा नौ सिलेंडरों तक उपलब्ध थी।

पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार यह कदम औसत घरेलू खपत को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, उज्ज्वला लाभार्थियों की वार्षिक औसत खपत लगभग 4–5 सिलेंडर के आसपास रही है, इसलिए सब्सिडी को उसी के अनुरूप सीमित किया गया है।

सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों और तेल कंपनियों पर बढ़ते वित्तीय दबाव के कारण यह निर्णय लिया गया है। वर्तमान में तेल विपणन कंपनियों को हर सिलेंडर पर भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है, जिसके चलते सब्सिडी बोझ को नियंत्रित करना जरूरी हो गया था।

हालांकि, सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी उपभोक्ताओं को बाजार मूल्य की तुलना में सस्ता गैस सिलेंडर मिलता रहेगा और उज्ज्वला लाभार्थियों को निर्धारित चार रिफिल पर सीधे बैंक खाते में सब्सिडी ट्रांसफर की जाएगी।

गौरतलब है कि उज्ज्वला योजना की शुरुआत वर्ष 2016 में गरीब परिवारों, खासकर महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। शुरुआत में 12 सिलेंडरों तक सब्सिडी दी जाती थी, जिसे पहले घटाकर 9 और अब 4 कर दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *