भारत का टेस्ट इतिहास में सबसे बड़ा जीत रिकॉर्ड, अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से रौंदा

अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न) | खेल डेस्क
मुल्लांपुर। भारतीय क्रिकेट टीम ने टेस्ट क्रिकेट इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए अफगानिस्तान को एकमात्र टेस्ट मैच में पारी और 300 रन से करारी शिकस्त दी। यह मुकाबला मात्र तीन दिनों में समाप्त हो गया और भारत ने हर विभाग में अपना दबदबा साबित किया।

मैच के हीरो रहे पदार्पण कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 7 विकेट झटके। पहली पारी में उन्होंने 6/33 का घातक प्रदर्शन किया, जिससे अफगानिस्तान की टीम महज 152 रन पर सिमट गई।

भारत की मजबूत बल्लेबाजी ने रखी जीत की नींव
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 564 रन बनाकर पारी घोषित की। कप्तान शुभमन गिल (126 रन) और केएल राहुल (100 रन) ने शतकीय पारियां खेलीं, जबकि ऋषभ पंत (81) और साई सुदर्शन (81) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

स्पिन आक्रमण के आगे अफगानिस्तान बेबस

पहली पारी में 152 रन पर सिमटने के बाद अफगानिस्तान को फॉलोऑन खेलना पड़ा। दूसरी पारी में भी टीम 112 रन ही बना सकी। इस दौरान वॉशिंगटन सुंदर (4 विकेट) और कुलदीप यादव (3 विकेट) ने अफगान बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

रिकॉर्ड जीत और नया इतिहास
यह जीत भारत की टेस्ट क्रिकेट में अब तक की सबसे बड़ी पारी से जीत है, जिसने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली पारी और 272 रन की जीत को पीछे छोड़ दिया।

सुथार का शानदार आगाज़
23 वर्षीय मानव सुथार ने अपने डेब्यू मैच में पांच विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में जगह बना ली है। उनका प्रदर्शन भविष्य के लिए भारतीय स्पिन आक्रमण की मजबूती का संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *