मई पेंशन की बड़ी सौगात: 94 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में 1096 करोड़ रुपये ट्रांसफर

DBT के जरिए सीधा लाभ, राज्यभर में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, जिला-प्रखंड स्तर पर विशेष व्यवस्था

पटना, संवाददाता (अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न):
बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मई माह की पेंशन राशि बुधवार को लाभार्थियों के खातों में भेज दी गई। उपमुख्यमंत्री सह मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल रहे सम्राट चौधरी ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से इस राशि का हस्तांतरण किया।

इस दौरान राज्य के 94.29 लाख पेंशनधारियों के बैंक खातों में कुल 1096.44 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार वृद्धजन, दिव्यांगजन, विधवा एवं अन्य जरूरतमंदों को समय पर पेंशन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसे सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

राज्यभर में हुआ सीधा प्रसारण
पेंशन अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बिहार के सभी जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पेंशनधारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। साथ ही उन्होंने पेंशन राशि के ट्रांसफर की प्रक्रिया को भी देखा।

लाभार्थियों के लिए की गई विशेष व्यवस्था
जिला और प्रखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में लाभार्थियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल, टीवी स्क्रीन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों को दिए गए निर्देश
समाज कल्याण विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया था कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाई जाए और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *