एनकाउंटर पर मचा बवाल: युवक की मौत के बाद सड़क जाम, SHO समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित

 अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न

भोजपुर (बिहार):
बिहार के भोजपुर जिले में एक युवक के पुलिस एनकाउंटर के बाद भारी बवाल मच गया है। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

जानकारी के अनुसार, शाहपुर थाना क्षेत्र के बलौटी गांव में युवक भरत भूषण तिवारी का पुलिस के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने पहले पुलिस पर पिस्तौल तान दी थी और धमकी भी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बक्सर फोरलेन को जाम कर दिया। मौके पर भारी भीड़ जुट गई, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शाहपुर थाना प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इनमें 2 सब-इंस्पेक्टर और 2 एएसआई भी शामिल हैं।

इस बीच मृतक की मां ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके बेटे ने पुलिस के समझाने पर आत्मसमर्पण कर दिया था और हथियार भी नीचे रख दिया था, इसके बावजूद उसे गोली मार दी गई।

पुलिस की ओर से जारी बयान में युवक को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है, जबकि परिजनों और ग्रामीणों ने इसे फर्जी एनकाउंटर करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल, पूरे मामले ने पुलिस कार्रवाई और मानवाधिकारों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट आने के बाद तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *