अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अनिसाबाद में गूंजा ‘करें योग, रहें निरोग’ का संदेश

रस-रंग, पटना द्वारा मानिकचंद तालाब परिसर में एकदिवसीय योग कार्यक्रम का सफल आयोजन

पटना, 21 जून (अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न):
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था रस-रंग, पटना के द्वारा रविवार सुबह अनिसाबाद स्थित मानिकचंद तालाब परिसर में एकदिवसीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सुबह 5:30 बजे से 7:00 बजे तक चला, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष शिवचंद्र प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया, जबकि उद्घाटन पूर्व नगर पंचायत (नौबतपुर) के उपाध्यक्ष एवं पूर्व पटना महानगर योजना समिति सदस्य श्री प्यारेलाल जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

दीप प्रज्वलन के अवसर पर संस्था के संरक्षक ठाकुर राम अशीष प्रसाद, श्री नागेंद्र जी, श्री श्याम किशोर जी, हिमालय पब्लिक स्कूल के निदेशक श्री राजेंद्र प्रसाद, द इंडियन किंग डांस स्टूडियो के नीरज देव, संस्था के सचिव राज कपूर, मीडिया प्रभारी कादर खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके साथ ही समाजसेवी पिंकी देवी, सोनी कुमारी, सरिता देवी, अलका अस्थाना, साहिल सिन्हा, सूरज कुमार, डॉ. शैलेंद्र कुमार, आदित्य राज, शुभम कुमार, अमन कुमार, मुन्ना कुमार, शिव शंकर जी एवं सकलदेव जी की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के संरक्षक ठाकुर राम अशीष प्रसाद ने बच्चों को योग के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। वहीं संस्था के सचिव राज कपूर ने उपस्थित बच्चों एवं अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा, “करें योग, रहें निरोग। अगर आप योग करते हैं तो फिट रहेंगे और तभी जीवन में हिट रहेंगे।”

योगाभ्यास का संचालन संस्था के अध्यक्ष शिवचंद्र प्रसाद गुप्ता एवं उनकी सहयोगी तान्या भारती द्वारा किया गया। इस अवसर पर अनिसाबाद क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से हिमालय पब्लिक स्कूल और द इंडियन किंग डांस स्टूडियो के विद्यार्थियों की भागीदारी उल्लेखनीय रही।

कार्यक्रम में 100 से अधिक लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अंत में श्री श्याम किशोर जी द्वारा प्रस्तुत योग गीत के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया, जिसने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *