अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर जानलेवा हमला, जमीन विवाद बना वजह”
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
पटना/गोपालगंज:
बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर बिहार के गोपालगंज जिले में जानलेवा हमला किए जाने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह हमला जमीन विवाद को लेकर हुआ, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
घटना गोपालगंज के बेलसंड गांव की है, जहां आरोपियों ने धारदार हथियारों और डंडों से हमला किया। हमले के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और घायल अवस्था में तिवारी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, बाद में बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह हमला जमीन से जुड़े पुराने विवाद का परिणाम बताया जा रहा है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और विशेष टीम बनाकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।