जमालपुर में फूटा जनाक्रोश: जर्जर सड़कों, पानी और स्ट्रीट लाइट की समस्या पर EO का पुतला दहन

जमालपुर (बिहार), संवाददाता:
जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र के सदर बाजार स्थित वार्ड संख्या 12 के डीह जमालपुर में जन समस्याओं को लेकर लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया। जर्जर सड़कों, बंद पड़े स्ट्रीट लाइट और पानी की गंभीर समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विजयशील गौतम का पुतला फूंककर विरोध जताया।

बताया जा रहा है कि नगर परिषद के प्रति बढ़ते असंतोष के कारण अब आम जनता सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गई है। वार्ड संख्या 12 की महिलाएं, वंदना देवी और किरण देवी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि डीह जमालपुर, ताराचंद गली, मारवाड़ी पट्टी, हलवाई पट्टी और सोना पट्टी जैसी प्रमुख गलियों की हालत अत्यंत खराब है, लेकिन अब तक इनके निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर “नगर परिषद में भ्रष्टाचार बंद करो”, “सभी गलियों का पक्कीकरण करो” और “स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करो” जैसे नारे लगाए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब भी वे अपनी समस्याओं को लेकर नगर परिषद कार्यालय जाते हैं, तो उन्हें अनदेखा किया जाता है और कभी-कभी उल्टे केस करने की धमकी दी जाती है।

प्रदर्शन में शामिल राजन प्रसाद यादव, प्रेम कुमार, अशोक तांती, विकास कुमार, सूरज कुमार, संतोष कुमार, मनोज गोस्वामी सहित कई अन्य लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। महिलाओं का कहना है कि इलाके की स्थिति अब नारकीय हो चुकी है, लेकिन अधिकारी केवल अपने एसी दफ्तरों तक सीमित हैं और जमीनी हालात देखने तक नहीं आते।

इस संबंध में वार्ड पार्षद साईं शंकर ने बताया कि उन्होंने कई बार लिखित रूप से नगर परिषद को समस्याओं से अवगत कराया है। वार्ड कमेटी की बैठकों में भी इस मुद्दे को उठाया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वार्ड 12 शहर के केंद्र में स्थित है और यहां से नगर परिषद को सबसे अधिक टैक्स प्राप्त होता है, बावजूद इसके विकास कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि इस मामले को अनुमंडल पदाधिकारी और जिलाधिकारी के समक्ष भी उठाया गया है, लेकिन समस्याएं लगातार गंभीर रूप लेती जा रही हैं। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *