बांकीपुर उपचुनाव: 13 जुलाई को नामांकन भरेंगे प्रशांत किशोर, जन सुराज का शक्ति प्रदर्शन तेज
पटना/जमालपुर/मुंगेर। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर आगामी 13 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। यह जानकारी जन सुराज पार्टी के मुंगेर जिला महामंत्री आशीष कुमार ‘अधिवक्ता’ ने दी।
आशीष कुमार ने बताया कि 5 जुलाई को पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने प्रशांत किशोर को पार्टी का आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया था। नाम की घोषणा के बाद प्रशांत किशोर ने पटना के महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा प्रसाद का वितरण बांकीपुर के विभिन्न वार्डों में किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पीले गुलाल से उत्सव मनाया।
उन्होंने कहा कि नामांकन के दिन मुंगेर जिले से दर्जनों कार्यकर्ता पटना पहुंचेंगे और जन सुराज के पक्ष में माहौल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।

भाजपा पर निशाना
भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आशीष कुमार ने कहा कि बांकीपुर जैसे शिक्षित और समृद्ध विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा कमजोर उम्मीदवार उतारना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन दशकों से एक ही परिवार के प्रभाव के कारण क्षेत्र का विकास बाधित रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा नेतृत्व के कुछ बयानों से मतदाताओं का अपमान हुआ है, जिसे जनता इस चुनाव में जवाब देगी।
‘एक विधायक 242 पर भारी’
आशीष कुमार ने दावा किया कि जन सुराज का एक विधायक विधानसभा के 242 विधायकों पर भारी पड़ेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि आगामी 13 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में पटना पहुंचकर नामांकन को ऐतिहासिक बनाएं और बांकीपुर में प्रशांत किशोर के समर्थन में माहौल तैयार करें।
बांकीपुर सीट पर होने वाला यह उपचुनाव अब हाई-प्रोफाइल बनता जा रहा है, जहां सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं।