जादवपुर यूनिवर्सिटी में ABVP और वामपंथी छात्र संगठनों में हिंसक झड़प, कई छात्र घायल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की जादवपुर यूनिवर्सिटी में बुधवार देर रात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और वामपंथी छात्र संगठनों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद के दौरान कई छात्र घायल हुए, जिनमें कुछ को उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि विवाद फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी स्टूडेंट्स यूनियन (FETSU) की एक बैठक को लेकर शुरू हुआ। ABVP से जुड़े छात्रों ने परिसर में बैठक आयोजित किए जाने का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और फिर मारपीट शुरू हो गई।

दोनों पक्षों ने लगाए बाहरी लोगों को बुलाने के आरोप

झड़प के बाद ABVP और वामपंथी छात्र संगठनों ने एक-दूसरे पर परिसर में बाहरी लोगों को बुलाकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, घटना देर रात तक जारी रही और कई छात्रों को चोटें आईं।

वामपंथी छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि ABVP से जुड़े लोगों ने उनके झंडे उतारकर उनमें आग लगा दी। वहीं, विश्वविद्यालय के एक अधिकारी के अनुसार, विवाद के शुरुआती चरण में FETSU से जुड़े कुछ छात्रों पर ABVP के एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट का आरोप लगा। इसके बाद कथित तौर पर बाहरी लोगों का एक समूह परिसर में पहुंचा और वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों के साथ मारपीट हुई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस को विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करना पड़ा। अधिकारियों ने परिसर से बाहरी लोगों को हटाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसके बाद जादवपुर थाना क्षेत्र में भी दोनों पक्षों के अलग-अलग प्रदर्शन हुए, जिससे तनाव और बढ़ गया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को तैनात किया गया।

जादवपुर यूनिवर्सिटी में छात्र संगठनों के बीच राजनीतिक टकराव का पुराना इतिहास रहा है। ताजा घटना ने परिसर की सुरक्षा और छात्र राजनीति में बढ़ती हिंसा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस की ओर से आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *