बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए BMSICL ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 30 करोड़ रुपये
पटना। बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 30 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। बुधवार को पटना स्थित लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ सभागार में BMSICL की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को 30 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने BMSICL के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपदा और कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए यह राशि महत्वपूर्ण साबित होगी।
बिहार में आई बाढ़ से कई जिलों में बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं। सरकार की ओर से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री राहत कोष में प्राप्त राशि का उपयोग बाढ़ समेत अन्य आपदाओं से प्रभावित और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि और BMSICL के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।