ग्वालियर में श्रद्धालुओं पर कहर बनकर टूटा ट्रक, 12 की मौत; कई घायल

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार तड़के शीतला माता मंदिर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक अचानक नियंत्रण से बाहर होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गया। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि ट्रक धान से लदा हुआ था और छिनोर की ओर से मंदिर की तरफ आ रहा था। मंदिर के रास्ते में ढलान वाले हिस्से पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित थी। इसके बावजूद ट्रक आगे बढ़ा और रास्ते में लगे पुलिस बैरिकेड को तोड़ते हुए श्रद्धालुओं के बीच जा घुसा।

मंदिर की दीवार से टकराकर रुका ट्रक

अनियंत्रित ट्रक ने श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में लेने के बाद मंदिर की बाहरी दीवार और गेट को भी टक्कर मारी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रात करीब 1:30 बजे हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटना रात करीब 1:30 बजे हुई। उस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर की ओर जा रहे थे। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहन कैसे पहुंचा।

हादसे के बाद प्रशासन ने घायलों के इलाज और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ट्रक के चालक और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

TWM News | ग्वालियर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *