नीरज कुमार की बीमारी पर अनंत सिंह का तंज, बोले- ‘कुछ नहीं हुआ, ये सब नाटक है’

पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने पर सवाल उठाते हुए इसे ‘नाटक’ करार दिया है। उनका दावा है कि नीरज कुमार को कोई गंभीर बीमारी नहीं है।

अनंत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नीरज कुमार न तो बीमार हैं और न ही उन्हें बुखार है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान सहानुभूति हासिल करने के लिए इस तरह की स्थिति बनाई जा रही है। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि नीरज कुमार पहले भी अस्पताल में भर्ती होने की बात करते रहे हैं।

नीरज मेदांता में भर्ती

बता दें कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक उन्हें बेचैनी की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया था और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

सम्राट चौधरी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मेदांता अस्पताल पहुंचे और उनका हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से नीरज कुमार की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली तथा बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

MLC चुनाव में आमने-सामने हैं अनंत-नीरज

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सियासी टकराव का केंद्र बना हुआ है। अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं और जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से जारी राजनीतिक खींचतान चुनावी माहौल को लगातार गरमा रही है।

TWM News Bihar | पटना डेस्क

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *