जमुई
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ शुक्रवार को अचानक जमुई के झाझा प्रखंड स्थित रजला पंचायत के प्राथमिक विद्यालय औरेया पहुंचे। यहां बच्चों के बीच मध्याह्न भोजन वितरण चल रहा था। उनके अचानक पहुंचने से स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल पठन-पाठन व्यवस्था का जायजा लिया, बल्कि भोजन की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया।
निरीक्षण के क्रम में अपर मुख्य सचिव ने भोजन में दिए गए चावल की थाली को उठाकर उसकी गुणवत्ता की जांच की और जिला शिक्षा पदाधिकारी राकेश कुमार से भोजन के रोस्टर और मेनू की जानकारी मांगी। निरीक्षण में सामने आया कि शुक्रवार के मेनू में अंडा शामिल होने के बावजूद बच्चों को अंडा नहीं दिया गया। डीईओ ने इसे कार्तिक मास और पर्वों के चलते बच्चों की भोजन प्राथमिकता में बदलाव का हवाला दिया।
इसके अलावा, अपर मुख्य सचिव ने विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति, बच्चों के नामांकन की स्थिति और अन्य व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उनके औचक निरीक्षण के बाद उन्होंने जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और अन्य अधिकारियों के साथ सिमुलतला के लिए प्रस्थान किया।