सिनेमा को मिली नई रोशनी
भारतीय सिनेमा के सुनहरे दौर में गुरु दत्त और सिनेमैटोग्राफर वी.के. मूर्ति की साझेदारी ने फिल्मों को सिर्फ कहानी कहने का माध्यम नहीं, बल्कि एक कला का रूप दिया। उनकी फिल्मों में खासतौर पर प्रकाश और छाया के अद्भुत संयोजन ने गीतों और दृश्यों में भावनात्मक गहराई और सौंदर्य जोड़ा।
फिल्म साहिब बीबी और गुलाम के गीत साकिया आज मुझे नींद नहीं आएगी की फिल्मांकन शैली इसका बेहतरीन उदाहरण है। इस गीत में जहां मीनू मुमताज़ का उत्सवपूर्ण नृत्य देखने को मिलता है, वहीं वी.के. मूर्ति की प्रकाश योजना गीत के माध्यम से एक गहरी कहानी कहती है। रंगीन प्रदर्शन और आसपास की छायाओं का तीव्र विरोधाभास उस सामंती जीवनशैली की सच्चाई को उजागर करता है, जिसमें छोटी बहू की जरूरतों और इच्छाओं को नजरअंदाज किया जाता है।
इस दृश्य में मूर्ति की लो-की लाइटिंग की कला देखने लायक है। हल्की और गहरी छाया का संयोजन न केवल माहौल को रहस्यमय बनाता है, बल्कि मीनाकुमारी की भावनाओं को भी जीवंत करता है। उनके चेहरे पर पड़ने वाली हल्की रोशनी उनके भावों को उभारती है, जबकि आसपास की गहरी छायाएं उनके अकेलेपन और पीड़ा का प्रतीक बन जाती हैं।
गुरु दत्त और वी.के. मूर्ति की यह जुगलबंदी सिर्फ दृश्य सौंदर्य तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने सिनेमा में गीतों और पात्रों के मनोवैज्ञानिक पहलुओं को समझने का एक नया आयाम दिया। उनकी फिल्मों में हर फ्रेम एक कविता की तरह जीवंत नजर आती है, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में अद्वितीय स्थान रखती है।
रिपोर्ट: निहाल देव दत्ता