बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन

जमालपुर, (संवाददाता)। बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, जमालपुर शाखा के तत्वावधान में मारवाड़ी धर्मशाला के प्रांगण में होली मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर सम्मेलन के अध्यक्ष शंकर लाल शर्मा की अध्यक्षता में समाज के सैकड़ों लोगों ने पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ होली की खुशियां मनाईं। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और भाईचारे का संदेश दिया।

समारोह में गिरधर संघई, अरविंद जलान, जयशंकर शर्मा, संजय मेहारिया, योगेश अग्रवाल, राजकुमार शर्मा, सुनील जालान, सुजीत संघई, सुनील अग्रवाल, प्रदीप छापरिया, डॉ. अशोक शर्मा, अर्जुन संघई, पूरण मल पंसारी और गोरीशंकर शर्मा सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्री महामाया शक्ति धाम मंदिर समिति, श्री श्याम बाबा मंदिर समिति और श्री मारवाड़ी धर्मशाला प्रबंध कार्यकारिणी समिति के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और इसे भव्य बनाने में योगदान दिया।

कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने होली के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही, आपसी सौहार्द बनाए रखने और समाज को एकजुट रखने का संदेश दिया गया।

समारोह के अंत में सभी अतिथियों को प्रसाद और मिठाइयों का वितरण किया गया। आयोजन की सफलता के लिए अध्यक्ष शंकर लाल शर्मा ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया और समाज के उत्थान में सभी के सहयोग की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *