राजभाषा समिति की बैठक और पं. माखनलाल चतुर्वेदी की जयंती पर साहित्य और संगठन को समर्पित रहा मालदा मंडल

मालदा, 30 अप्रैल।
पूर्व रेलवे के मालदा मंडल में आज एक साथ दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन कर हिंदी भाषा, साहित्य और प्रशासनिक सशक्तिकरण को एक साझा मंच प्रदान किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक संपन्न हुई, वहीं हिंदी जगत के युगप्रवर्तक कवि एवं स्वतंत्रता सेनानी पं. माखनलाल चतुर्वेदी की जयंती भी गरिमामय वातावरण में मनाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री शिव कुमार प्रसाद और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पं. चतुर्वेदी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके साहित्य और राष्ट्रसेवा को याद किया गया।

हिंदी के प्रयोग पर विशेष जोर
श्री शिव कुमार प्रसाद ने बैठक में राजभाषा नीति के सफल क्रियान्वयन की समीक्षा की और विभिन्न विभागों के प्रयासों की सराहना करते हुए आगामी तिमाही के लिए ठोस योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कामकाज में सहज और सरल हिंदी के प्रयोग से संवाद की प्रभावशीलता बढ़ती है।

मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में मालदा मंडल में हिंदी के प्रचार-प्रसार पर संतोष जताया और अधिकारियों से टिप्पणियों, दौरा रिपोर्टों तथा निरीक्षण दस्तावेजों में हिंदी के नियमित उपयोग की अपील की। उन्होंने मंडल में “ई-पत्रिका” के शुभारंभ की जानकारी भी दी, जिसमें कर्मचारी अपनी रचनाएँ, कविताएँ और विचार साझा कर सकेंगे।

राजभाषा प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित
गृह मंत्रालय की टिप्पण आलेखन योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मंडल के 08 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले कर्मचारी हैं:

  • श्री पीयूष आनंद (यातायात निरीक्षक, मालदा)
  • श्री संजीव कुमार (स्टेशन मास्टर, जमालपुर)
  • श्री रवींद्र शर्मा (स्टेशन मास्टर, मुंगेर)
  • श्री राजीव कुमार (स्टेशन प्रबंधक, मुंगेर)
  • श्री राजकिशोर कुमार (स्टेशन मास्टर, बारापलासी)
  • श्री निवास पासवान (कार्यालय अधीक्षक, साहेबगंज)
  • श्री दीपक कुमार उपाध्याय (स्टेशन प्रबंधक, अकबरनगर)
  • श्री शिवशंकर कुमार (कार्यालय अधीक्षक, भागलपुर)

‘मंदार कॉन्फ्रेंस हॉल’ से बढ़ेगा प्रशासनिक समन्वय
अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर मंडल कार्यालय परिसर में “मंदार कॉन्फ्रेंस हॉल” का उद्घाटन भी किया गया। इस नव-निर्मित आधुनिक सभागार में उन्नत तकनीकी सुविधाएँ मौजूद हैं, जो मंडल स्तरीय बैठकों, कार्यशालाओं और समीक्षा कार्यक्रमों को नई गति और सुविधा प्रदान करेंगी।

श्री गुप्ता ने कहा कि यह सम्मेलन कक्ष प्रशासनिक पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को मजबूती देगा। “मंदार कॉन्फ्रेंस हॉल” का नामकरण ऐतिहासिक मंदार पर्वत के नाम पर किया गया है, जो इस क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।

कार्यक्रम का समापन औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें मालदा मंडल की भाषा-नीति, सांस्कृतिक चेतना और बौद्धिक विकास को एकसाथ आगे ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *