सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी से खुला घोटालों का राज: मांझी का राजद और UPA पर हमला
प्रधानमंत्री की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का हम का आह्वान
पटना।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक बार फिर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और पूर्ववर्ती UPA सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट की हालिया टिप्पणी ने यह सिद्ध कर दिया है कि राजद और UPA के कार्यकाल में बड़े पैमाने पर घोटाले हुए थे। मांझी ने कहा कि यह बात जनता पहले से जानती थी, अब न्यायपालिका की पुष्टि से यह पूरी तरह उजागर हो गया है।
पत्रकारों से बातचीत में मांझी ने कहा कि NDA के सहयोगी दल के रूप में ‘हम’ पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर प्रदेशभर में जागरूकता अभियान चलाएगी। इसके लिए पटना में एक विशेष बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें पार्टी के विधायक और मंत्री शामिल होंगे।
मोदी सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी
मांझी ने निर्देश दिया है कि ‘हम’ पार्टी के नेता आम जनता के बीच जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों और देशहित में लिए गए निर्णयों की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। इनमें ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे सैन्य अभियानों और मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से निजात दिलाने जैसे साहसिक फैसले शामिल हैं।
2047 तक भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने का संकल्प
देश की आर्थिक स्थिति पर बात करते हुए मांझी ने कहा कि भारत आज वैश्विक अर्थव्यवस्था में चौथे स्थान पर है और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्ति बनेगा। मांझी ने इसे हर भारतवासी का सपना बताया जिसे साकार करने के लिए वह और उनकी पार्टी संकल्पित हैं।
विपक्ष पर कसा तंज
विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए मांझी ने कहा कि चाहे विपक्ष जितनी भी रणनीतियाँ बना ले, देश की जनता अब सच्चाई समझ चुकी है। उन्होंने कहा, “अब कोई भी ताकत नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति को नहीं रोक सकती।”