वीवीआईपी इलाके में बाइक सवारों ने मचाया उत्पात, तेजस्वी यादव के आवास के पास चली गोली
पीएम मोदी के बिहार दौरे से पहले राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

पटना, संवाददाता।
राजधानी पटना के वीवीआईपी जोन में गुरुवार सुबह गोलीबारी की घटना ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। घटना मुख्यमंत्री आवास, राज्यपाल निवास और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास से महज कुछ दूरी पर स्थित पोलो रोड की है। बाइक सवार बदमाशों ने खुलेआम फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर सीधे तौर पर एनडीए सरकार पर हमला बोला है और इसे जंगलराज करार दिया है।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज मेरे आवास के बाहर गोली चलाई गई है। सत्ता संरक्षित अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ चुका है कि हाई सिक्योरिटी ज़ोन में भी फायरिंग हो रही है। अगर इसे जंगलराज कहें तो गोदी मीडिया को बुरा लग सकता है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल बिहार आ रहे हैं और माहौल को सकारात्मक दिखाना है।”

मंत्री आवास के समीप हुई वारदात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोलीबारी की यह घटना भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी के सरकारी आवास के समीप हुई, जो तेजस्वी यादव के आवास के निकट ही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह मामला दरअसल एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में आता है, पर घटनास्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए सचिवालय थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची।

लूटपाट के दौरान चलाई गोली

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक राहुल कुमार पर गोली चलाई जो ड्यूटी के लिए पैदल जा रहा था। राहुल एक ड्राइवर है और घटना के वक्त काम पर जा रहा था। सौभाग्यवश गोली राहुल को नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गया। प्रारंभिक छानबीन में लूटपाट के प्रयास के दौरान गोली चलने की बात सामने आई है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना स्थल से कुछ किलोमीटर के दायरे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल, और अन्य कई वरिष्ठ अधिकारियों एवं मंत्रियों के आवास हैं। ऐसे वीवीआईपी क्षेत्र में खुलेआम गोली चलना न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है बल्कि यह भी दर्शाता है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं।

घटना के बाद पुलिस महकमा सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *