भोले के भक्तों के लिए राहत की खबर : 30 जून तक दुरुस्त हो जाएगा मुंगेर का कांवरिया पथ
मुंगेर, 19 जून।
श्रावणी मेले में बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले कांवरियों के लिए राहत भरी खबर है। मुंगेर जिले में पड़ने वाला 26 किलोमीटर लंबा कांवरिया पथ 30 जून 2025 तक पूरी तरह ठीक कर लिया जाएगा। यह घोषणा जिला पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने बुधवार को की।
बता दें कि इस बार श्रावणी मेला 11 जुलाई से शुरू हो रहा है, जो एक महीने तक चलेगा। इस दौरान लाखों श्रद्धालु भागलपुर जिले के सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर 109 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा कर झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैजनाथ मंदिर पहुंचते हैं। इस संपूर्ण यात्रा मार्ग में 26 किलोमीटर रास्ता मुंगेर जिले से होकर गुजरता है।
जिला प्रशासन इस बार कांवरियों को अधिक सुविधाएं देने के लिए सजग है। बुधवार को डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ मुंगेर क्षेत्र में पड़ने वाले पूरे कांवरिया पथ का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि मार्ग की मरम्मती, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और 30 जून तक इसे पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मार्ग में पड़ने वाली सभी धर्मशालाओं की मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया गया है ताकि कांवरियों को विश्राम में कोई दिक्कत न हो।
डीएम ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, जिससे श्रद्धालुओं को शुद्ध पानी मिल सके।