प्रधानमंत्री मोदी आज सीवान में करेंगे 5,000 करोड़ के विकास पैकेज की घोषणा
नई वंदे भारत ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी, 5,736 करोड़ की 22 परियोजनाओं का उद्घाटन

सीवान/पटना, 19 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को एक बार फिर बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। यह उनका इस वर्ष का पांचवां और अब तक का 51वां बिहार दौरा होगा। इस बार वे सीवान जिले से बिहार को एक नई सौगात देंगे — कुल 5,736 करोड़ रुपये की 22 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही वे ₹5,000 करोड़ के विशेष पैकेज की घोषणा भी करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी सीवान दौरे के दौरान पाटलिपुत्र से गोरखपुर तक चलने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा वैशाली से देवरिया तक नई रेलवे लाइन का उद्घाटन भी करेंगे। वहीं ‘अमृत भारत योजना’ के तहत 11 परियोजनाओं और ‘नमामि गंगे योजना’ के तहत 4 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री इस दौरे में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के अंतर्गत 53,666 बेघर परिवारों को ₹51,000 करोड़ की पहली किश्त वितरित करेंगे। साथ ही 6,684 शहरी गरीब परिवारों को उनके नए पक्के घरों की चाबियाँ सौंपी जाएंगी।

सम्राट चौधरी ने कहा, “प्रधानमंत्री का यह दौरा केवल विकास की बात नहीं करता, बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि बिहार केंद्र सरकार की प्राथमिकता में सबसे ऊपर है। बीते 20 दिनों में यह उनका दूसरा दौरा है।” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिना भेदभाव के गरीबों के लिए योजनाओं की बौछार की है, जिससे लोगों के जीवन में बदलाव आया है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में 29-30 मई को बिहार दौरे के दौरान पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया था, साथ ही रोहतास में ₹50,000 करोड़ की परियोजनाएं भी शुरू की थीं।

भाजपा नेताओं का मानना है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक दृष्टिकोण से भी अहम है और इससे पार्टी को ज़मीन पर मजबूती मिलेगी।

(रिपोर्ट: संवाददाता, टीडब्ल्यूएम न्यूज)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *