अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरिमोहन सिंह को वूमेंस स्पोर्ट्स में योगदान के लिए वैशाली में किया गया सम्मानित
खेल और समाजसेवा में उल्लेखनीय भूमिका के लिए कई बार हो चुके हैं राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित
मुंगेर/वैशाली, 23 जून —
बिहार की धरती पर खेल प्रतिभाओं को निखारने और विशेषकर महिला एवं दिव्यांग खिलाड़ियों को मंच देने वाले अंतरराष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी, कोच व समाजसेवी हरिमोहन सिंह को बिहार वूमेंस खो-खो लीग सीजन-2 के दौरान वैशाली में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें खेलों के प्रति समर्पण, ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और महिला खिलाड़ियों के लिए लगातार किए जा रहे कार्यों को देखते हुए प्रदान किया गया।
यह कार्यक्रम खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार एवं वैशाली जिला खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें कई गणमान्य पदाधिकारी एवं खेल संगठन से जुड़े लोग उपस्थित थे। हरिमोहन सिंह को पूर्व में बिहार के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, खेल मंत्री, समाज कल्याण मंत्री, कला-संस्कृति मंत्री सहित कई राज्य मंत्रियों के हाथों भी सम्मानित किया जा चुका है।
हरिमोहन सिंह, जो कि जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन के संस्थापक और मुंगेर जिला खो-खो संघ के सचिव हैं, लंबे समय से खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक मुंगेर के 60 से अधिक बालक व बालिका खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खो-खो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। वहीं 120 से अधिक खिलाड़ियों ने राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त की है।
हाल ही में “खेलो इंडिया यूथ गेम्स” के तहत बिहार बालक-बालिका खो-खो टीम का प्रशिक्षण शिविर भी मुंगेर इंडोर स्टेडियम परिसर में उनके नेतृत्व में संपन्न हुआ। यही नहीं, हरिमोहन सिंह को कई बार बिहार सीनियर महिला खो-खो टीम का कोच व टीम प्रबंधक बनने का अवसर भी मिल चुका है।
लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में भी उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है — उन्हें चुनाव आयोग द्वारा मुंगेर पीडब्ल्यूडी ब्रांड एंबेसडर और स्वच्छता सर्वेक्षण मिशन के तहत नगर निगम ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया गया था। देशभर के कई राज्यों जैसे दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु आदि में वे कोच, रेफरी, ऑफिशियल एवं टीम मैनेजर के रूप में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं।
खास बात यह है कि खो-खो वर्ल्ड कप नई दिल्ली में हरिमोहन सिंह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में बिहार से अकेले प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
इस विशेष सम्मान के लिए मुंगेर जिला प्रशासन, योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन, बैटल डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन, फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI), आर्ट, कल्चर एंड यूथ स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया सहित अनेक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
हरिमोहन सिंह ने इस सम्मान को उन तमाम खिलाड़ियों और ग्रामीण प्रतिभाओं को समर्पित किया, जिनके लिए वे आजीवन कार्य करते रहेंगे।
रिपोर्ट: TWM न्यूज़ डेस्क,