मुंगेर डीएम की बड़ी कार्रवाई की चेतावनी: बैठक में बोले – “लापरवाही नहीं चलेगी, काम में तेजी लाएं”
15 लाख पौधारोपण, हर हफ्ते कार्यालय निरीक्षण और लंबित फाइलों के त्वरित निष्पादन पर ज़ोर
📍 मुंगेर, 23 जून 2025 | रिपोर्ट: TWM डिजिटल डेस्क
मुंगेर के समाहर्ता सह जिलाधिकारी श्री अरविन्द कुमार वर्मा ने सोमवार को संग्रहालय सभागार में सभी विभागीय पदाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने प्रशासनिक कामकाज में सुस्ती, लंबित मामलों की बढ़ती संख्या और फाइलों के अनुचित संधारण पर गंभीर चिंता जताई। अधिकारियों को साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, “लापरवाही नहीं सहेंगे, कार्य में अनुशासन और तत्परता लाना ही होगा।”
⏱ समयपालन पर सख्त डीएम
डीएम वर्मा ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जो भी सरकारी पत्राचार प्राप्त हो, उसे समय से पढ़कर उस पर कार्रवाई करें और अद्यतन रिपोर्ट के साथ साप्ताहिक बैठक में उपस्थित हों। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संचिका का समुचित संधारण हो और लंबित फाइलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए।
🌱 पौधारोपण को लेकर बड़ा लक्ष्य
इस मानसून जिले भर में 15 लाख 60 हजार पौधारोपण का लक्ष्य तय किया गया है। इसमें मनरेगा के तहत 2.30 लाख, जीविका के माध्यम से 1.35 लाख, और शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में 12 हजार पौधे लगाए जाने की योजना है। डीएम ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में समयबद्ध तरीके से पौधारोपण अभियान चलाने का निर्देश दिया।
📋 निरीक्षण व लॉगबुक की समीक्षा अनिवार्य
सभी वरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे हर सप्ताह एक कार्यालय का निरीक्षण करें और संबंधित रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत करें। लॉगबुक, आगत पंजी और कार्यालय कर्मियों की कार्यप्रणाली की भी बारीकी से जांच की जाए।
📌 लंबित मामले होंगे कार्रवाई के घेरे में
जन शिकायत, लोकायुक्त, सीएम डैशबोर्ड, सीपीग्राम और आरटीआई जैसे संवेदनशील मामलों की लंबित स्थिति पर डीएम ने असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि “सीडब्ल्यूजेसी और एमजेसी के मामलों में तेजी लाएं, वरना विभागीय कार्रवाई होगी।” साथ ही, लिपिक, राजस्व कर्मचारी और जनसेवकों पर अनुशंसा की गई कार्रवाई रिपोर्टों को भी जल्द निष्पादित करने के निर्देश दिए।

🚨 पुलिस विभाग को भी दी चेतावनी
पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय को निर्देशित किया गया कि थानों में लंबित सीएम डैशबोर्ड के मामलों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
👩👧👧 महिला संवाद पर धीमी रफ्तार से नाराज
डीएम ने हाल ही में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम के अनुपालन में विभिन्न विभागों द्वारा दिए गए प्रतिवेदन की समीक्षा की और धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री स्वयं इस कार्यक्रम की निगरानी कर रहे हैं, अतः गंभीरता बरती जाए।
🌾 कृषि विभाग और श्रावणी मेला भी एजेंडे में
कृषि विभाग के लंबित आवेदनों पर भी जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित पदाधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, श्रावणी मेला को लेकर कांवरिया मार्गों की सड़कों की सतत मॉनिटरिंग और संबंधित समस्याओं के तत्काल समाधान पर भी जोर दिया।
💡 विद्युत बिल का भुगतान जल्द
बैठक में विभिन्न विभागों के बिजली बिल बकाया होने पर डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया