साहिल राज को राज्यपाल ने किया सम्मानित, सीबीएसई परीक्षा में 94.6% अंक लाकर जमालपुर का बढ़ाया मान
सरस्वती विद्या मंदिर दौलतपुर के छात्र को राज्य स्तरीय मेधावी छात्र सम्मान, माता-पिता भी हुए गौरवान्वित
जमालपुर, 30 जून।
सीबीएसई बारहवीं की परीक्षा में 94.6% अंक प्राप्त कर सरस्वती विद्या मंदिर, दौलतपुर जमालपुर के छात्र साहिल राज ने जिले और विद्यालय दोनों का नाम रोशन किया है। उनकी इस उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए उन्हें बिहार के महामहिम राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान द्वारा राज्यस्तरीय मेधावी छात्र सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।

यह सम्मान समारोह केशव सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल, केशवपुरम, मरचा मर्ची, पटना में भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साहिल को मोमेंटो और मेडल भेंट किए गए। इस अवसर पर साहिल के माता-पिता को भी मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे परिवार का गौरव बढ़ा।
कार्यक्रम में विद्या भारती के क्षेत्रीय बौद्धिक शिक्षण प्रमुख राणा प्रताप, प्रदेश मंत्री भरत पूर्वे, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, विभाग प्रमुख विनोद कुमार सहित शिक्षा जगत की कई जानी-मानी हस्तियां उपस्थित रहीं। सभी ने साहिल की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना की।
महामहिम राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने अपने संबोधन में कहा कि, “विद्या भारती द्वारा इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों को न केवल सम्मान मिलता है, बल्कि शिक्षा के प्रति उनकी लगन और उत्कृष्टता को दिशा भी मिलती है। साहिल जैसे छात्र आने वाले समय में देश का नाम रोशन करेंगे।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य छठु साह ने कहा कि साहिल की सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। “यह हमारे समर्पित शिक्षकों, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और माता-पिता के सहयोग का परिणाम है,” उन्होंने कहा।
उपप्रधानाचार्य संतोष कुमार ने साहिल की उपलब्धि को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा, “साहिल ने यह साबित किया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदार हों, तो कोई भी ऊंचाई दूर नहीं रहती।”
विद्यालय सचिव चंद्रशेखर खेतान ने साहिल को बधाई देते हुए कहा कि, “यह सफलता न केवल छात्र की मेहनत का प्रमाण है, बल्कि हमारे विद्यालय की मूल्यपरक शिक्षा प्रणाली की भी पहचान है।”

विद्यालय परिवार, शिक्षकों, सहपाठियों और प्रबंधन समिति ने साहिल और उनके माता-पिता को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। यह सम्मान निश्चित रूप से विद्यालय के अन्य छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल बनेगा।