“अखिलेश के जन्मदिन पर सपाइयों ने भरी हुंकार — कहा, बिहार में सम्मान बचेगा तभी संविधान बचेगा”
जमालपुर से संवाददाता

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 52वें जन्मदिवस को मंगलवार को जमालपुर में “सम्मान बचाओ – संविधान बचाओ दिवस” के रूप में जोरशोर से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन किला क्षेत्र स्थित शहीद स्मारक भवन में सपा के जिला अध्यक्ष पप्पू यादव की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने जहां अखिलेश यादव के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की, वहीं आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी को सम्मानजनक भागीदारी देने की मांग भी उठाई।

जिला अध्यक्ष पप्पू यादव ने अपने संबोधन में कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक कौशल से सपा को देश की तीसरी सबसे बड़ी ताकत बना दिया है। उन्होंने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को न केवल आवाज दी, बल्कि संविधान पर मंडरा रहे खतरों को भी चुनौती दी। अब बारी बिहार की है।” उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि बिहार चुनाव में सपा को गठबंधन में उचित स्थान नहीं मिला तो यह ‘संविधान बचाओ’ का नारा महज दिखावा बनकर रह जाएगा।

वहीं, सपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा, प्रदेश उपाध्यक्ष रामनाथ राय और महिला सभा की अध्यक्ष रंजना अराफात ने एक सुर में कहा कि भाजपा जैसी ताकतों को हराने के लिए समाजवादी पार्टी की सक्रिय भूमिका जरूरी है।

कार्यक्रम को इन नेताओं ने भी किया संबोधित
महासचिव मिथलेश यादव, प्रवक्ता गणेश पोद्दार, नगर अध्यक्ष अमर शक्ति, धरहरा अध्यक्ष नीरज यादव, सदर प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर मंडल एवं बरियारपुर अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भी कार्यक्रम में विचार रखे और अखिलेश यादव के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। सभी वक्ताओं ने यह दोहराया कि “बिहार की राजनीति में सपा को नजरअंदाज करना संविधान के खिलाफ साजिश के समान है।”

इनकी भी रही उपस्थिति
मंच पर महासचिव अशोक भारत, सचिव सुरेंद्र महतो, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, मथुरी यादव, गोपाल वर्मा, सत्यजीत पासवान, नकुल यादव, छडपन मंडल, कालेश्वर महतो, रविन्द्र मंडल, वीरेंद्र दास, अशोक शर्मा, आशीष कुमार, चन्दन साहू सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में केक काटकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के जन्मदिवस की खुशियाँ मनाई गईं और ‘संविधान बचाओ – सम्मान बचाओ’ के नारों से सभा स्थल गूंज उठा।


© TWM News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *