मोदी-नीतीश की जोड़ी ही दे सकती है बिहार को उज्जवल भविष्य : राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने कार्यसमिति बैठक में की तीखी टिप्पणी, बोले- लालटेन युग ने सिर्फ अंधेरे फैलाए, अब समय है बदलाव का

पटना, 2 जुलाई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को पटना में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री तो बदलते रहे, लेकिन बिहार की हालत नहीं बदली। उन्होंने साफ कहा कि बिहार का खोया गौरव सिर्फ भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ही वापस दिला सकते हैं।

राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्ति नहीं है, बल्कि समाज को जोड़ना, व्यक्ति की गरिमा को सुनिश्चित करना और दशकों से पीड़ित बिहार को न्याय दिलाना है।” उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और राष्ट्र सर्वोपरि हो, तभी देश और राज्य तरक्की कर सकता है।

नीतीश कुमार के नेतृत्व को सराहा

सीएम नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी अगुवाई में बिहार में कई सकारात्मक बदलाव आए हैं। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री या कोई भी मंत्री हों, उन पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। पुनौरा धाम में जानकी मंदिर का निर्माण राम मंदिर की तर्ज पर हो रहा है, और यह नीतीश जी की सोच का ही नतीजा है।”

‘लालू युग’ पर तीखा हमला

राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक भूमि को अपराध की प्रयोगशाला में बदलने का काम लालू यादव ने किया। लालटेन ने बिहार के घरों में रोशनी नहीं, बल्कि अराजकता की आग लगाई।”

उन्होंने आगे कहा कि लालू यादव ने न सिर्फ सामाजिक न्याय के प्रतीकों का अपमान किया, बल्कि बाबा साहब अंबेडकर की तस्वीर को भी पैरों तले रौंदा। “इनसे सामाजिक न्याय की उम्मीद करना व्यर्थ है, क्योंकि ये न तो बाबा साहेब के विचारों को मानते हैं और न ही उनके बताए रास्ते पर चलते हैं,” उन्होंने कहा।

कर्पूरी ठाकुर के साथ दुर्व्यवहार का आरोप

राजनाथ सिंह ने पत्रकार संकर्षण ठाकुर की किताब का हवाला देते हुए कहा कि जब कर्पूरी ठाकुर बीमार थे और सदन से घर लौटने के लिए लालू यादव से गाड़ी मांगी थी, तो लालू ने जवाब दिया था कि जीप में तेल नहीं है। उन्होंने कहा कि लालू यादव ने कभी भी कर्पूरी ठाकुर जैसे समाजवादी नेता को सम्मान नहीं दिया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत रत्न देकर नई पीढ़ी को उनके योगदान की याद दिलाई।

2025 में एनडीए की वापसी का संकल्प

राजनाथ सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है कि 2025 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर एनडीए की पूर्ण बहुमत से सरकार बने। उन्होंने कहा, “बिहार कभी पिछड़ा नहीं था, उसे जानबूझकर पिछड़ा बना दिया गया। अगर किसी ने उसे गर्त में पहुंचाया है, तो वे वही लोग हैं जो अब फिर से सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं।”

मोदी-नीतीश की जोड़ी ही करेगी न्याय

राजनाथ सिंह ने अंत में दो टूक कहा, “अगर कोई बिहार को अंधेरे से निकाल सकता है, तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी है। ये सिर्फ सत्ता नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की राजनीति करते हैं। अब बिहार को पुराने जख्मों से मुक्ति दिलाने और विकास की ओर ले जाने का समय आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *