शिक्षक दिवस पर एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल में प्रतियोगिताओं का आयोजन

विभिन्न प्रतियोगिताओं में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने जीते पुरस्कार

सिमराही। नगर पंचायत सिमराही स्थित एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता एवं निर्देशिका अल्पना मेहता ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित करते हुए डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए क्विज, स्पेलिंग बी एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नारी सशक्तिकरण, नशामुक्त भारत, यातायात सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, ग्लोबल वार्मिंग सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

क्विज और स्पेलिंग बी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण कई बार बराबरी की स्थिति बनी। प्रतियोगिताओं के अंत में प्रत्येक कक्षा में तीनों विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का संपूर्ण जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों और पदचिह्नों पर चलते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र का गौरव बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य सह प्रशासनिक निदेशक किसलय रवि ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनके कलात्मक एवं रचनात्मक कौशल में भी निखार आता है। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को बेहतर दिशा प्रदान करता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पप्पू मेहता, रंजीत लामा, आदर्श लामा, गौरव कुमार, कृष्णा गुप्ता, शिवशंकर मेहता, मनीषा झा, रमेश मुखिया, अर्जुन कुमार, शिवशंकर यादव, काजल राउत, मौली मोदक, सुधांशु वर्मा, सुमन झा, प्रतिका ठाकुर, जूली मिश्रा सहित विद्यालय के सभी कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *