इंसाफ और अधिकार की आवाज बनी इंडियन इंसाफ पार्टी, बेगूसराय में जिला सम्मेलन संपन्न
बरौनी प्रखंड के सहुरी पंचायत में जुटे कई प्रमुख नेता, सामाजिक न्याय पर केंद्रित रहा कार्यक्रम
बेगूसराय, 5 जुलाई।
बरौनी प्रखंड अंतर्गत सहुरी पंचायत में शनिवार को इंडियन इंसाफ पार्टी का जिला स्तरीय सम्मेलन हर्षोल्लास और गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ. विनोद तांती ने की, वहीं मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर आई. पी. गुप्ता उपस्थित रहे।

सम्मेलन में वैश्य जागरण मंच के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजकुमार आज़ाद, सामाजिक चिंतक डॉ. कैलाश महतो, विकासशील इंसान पार्टी के जिला अध्यक्ष जय जय राम सहनी, शोभा देवी, रामचंद्र केवट, डॉ. मंटू तांती, शिक्षक रामप्रीत तांती एवं रामचंद्र तांती समेत कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने भाग लिया।
सभी आगंतुकों का स्वागत जिला कमिटी द्वारा पारंपरिक तरीके से पुष्पमालाओं और अंगवस्त्र देकर किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक न्याय, पिछड़े वर्गों के अधिकार, और राजनीतिक हिस्सेदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करना था।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष आई. पी. गुप्ता ने कहा कि “इंडियन इंसाफ पार्टी उन वंचित वर्गों की आवाज है, जिन्हें आज भी समाज के मुख्यधारा से अलग रखा गया है। हमारा संघर्ष उन्हें अधिकार दिलाने के लिए है।” उन्होंने आगामी समय में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान भी किया।
डॉ. राजकुमार आज़ाद ने सामाजिक समरसता की बात करते हुए कहा कि यदि हम सब एकजुट होकर चलें, तो किसी भी परिवर्तन को संभव बना सकते हैं। डॉ. कैलाश महतो ने शिक्षा और जागरूकता को सामाजिक बदलाव की नींव बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं की उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को समाज के विभिन्न वर्गों में समर्थन मिल रहा है।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन पार्टी के जिला महासचिव द्वारा किया गया।