रतैठा में सेवा व एसबीआई फाउंडेशन की पहल, से ग्रामीण आजीविका को मिलेगा नया आयाम
नवनिर्मित सामुदायिक केंद्र से पशुपालकों व महिला समूहों को मिलेगा प्रशिक्षण और सहयोग

हवेली खड़गपुर (प्रतिनिधि)।
रतैठा पंचायत में बुधवार को सेवा संस्था और एसबीआई फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से ग्रामीण विकास की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. कमलदेव यादव, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी दीप शिखा और एसबीआई शाखा प्रबंधक रवि कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. कमलदेव यादव ने बताया कि एसबीआई ग्राम सक्षम पशुधन विकास पहल के तहत रतैठा किसान भवन को चयनित कर नवीनीकरण किया गया है। अब यह भवन ग्रामीण समुदाय, खासकर पशुपालकों और महिला समूहों के लिए प्रशिक्षण, योजना निर्माण और संवाद के एक सामुदायिक केंद्र के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने पशुपालन से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और किसानों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

बीडीओ प्रियंका कुमारी ने सेवा संस्था द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की भूमिका ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण में उल्लेखनीय है।

इस मौके पर सेवा की राज्य समन्वयक डॉ. सुष्मिता गोस्वामी ने कहा कि सेवा संस्था वर्षों से असंगठित क्षेत्र की महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। आज बिहार में 1.5 लाख से अधिक महिलाएं इससे जुड़ी हैं, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह संख्या 32 लाख तक पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि संस्था महिलाओं की आजीविका, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर भी सक्रियता से कार्य कर रही है।

एसबीआई के शाखा प्रबंधक रवि कुमार ने ग्रामीण पशुपालकों को पशुधन क्षेत्र में ऋण सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें बैंक की योजनाओं से लाभ उठाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में 10 गांवों की 100 से अधिक महिलाएं व सेवा कार्यकर्ता मौजूद थीं। आयोजन के अंत में उपस्थित अतिथियों ने संयुक्त रूप से सामुदायिक केंद्र का निरीक्षण किया और ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *