पति की हत्या की साजिश में पत्नी गिरफ्तार, मामा और दो सहयोगी भी चढ़े पुलिस के हत्थे
शादी के 45 दिन बाद प्रेम प्रसंग में रची गई हत्या की खौफनाक साजिश, झारखंड के शूटरों से करवाई गई वारदात
औरंगाबाद जिले में एक नवविवाहित महिला द्वारा अपने पति की हत्या की चौंकाने वाली साजिश का खुलासा हुआ है। महज 45 दिन पहले विवाह बंधन में बंधी महिला ने अपने मामा और दो अन्य सहयोगियों की मदद से पति की हत्या करवा दी। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता मामा फरार है।
मृतक की पहचान प्रियांशु कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो चंदौली (उत्तर प्रदेश) में अपने रिश्तेदार से मिलकर लौट रहा था। 24 जून को जब वह औरंगाबाद जिले के लेम्बोखाप गांव के पास पहुँचा, तभी बाइक सवार अपराधियों ने उसे गोली मार दी। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पहले अज्ञात अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। लेकिन जब जांच आगे बढ़ी तो एक-एक कर परतें खुलती चली गईं। औरंगाबाद एसपी अम्ब्रिश राहुल के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने जांच के दौरान जो सच्चाई उजागर की, उसने सबको चौंका दिया।
मामा से 15 वर्षों का रिश्ता बना हत्या की वजह
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी गुंजा सिंह का अपने मामा जीवन सिंह के साथ 15 वर्षों से प्रेम संबंध था। जीवन सिंह, जो झारखंड के डालटनगंज में ट्रांसपोर्टर है, पहले भी गुंजा की शादी के कई प्रस्तावों में हस्तक्षेप करता रहा था। शादी के बाद भी उनका रिश्ता जारी रहा, जिससे ससुराल में तनाव बना रहता था।
पुलिस पूछताछ शुरू होने के बाद गुंजा सिंह के फरार होने की कोशिश ने शक को और पुख्ता कर दिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर गुंजा ने हत्या की साजिश में खुद के शामिल होने की बात कबूल की।
झारखंड से मंगवाए गए शूटर
पुलिस के मुताबिक, जीवन सिंह ने हत्या की योजना तैयार की और गुंजा को निर्देश दिया कि वह कुछ लोगों से संपर्क करे। गुंजा ने झारखंड के गढ़वा जिले के रहने वाले जयशंकर चौबे और मुकेश शर्मा से संपर्क साधा। इन दोनों ने सुपारी किलर की व्यवस्था की और उन्हें नया सिम कार्ड भी उपलब्ध कराया गया।
पुलिस ने बताया कि कॉल डिटेल्स से यह साफ हो गया कि गुंजा और जीवन सिंह लगातार संपर्क में थे। हत्या की पूरी योजना जीवन सिंह ने तैयार की थी और उसके द्वारा ही शूटरों को भुगतान किया गया था।
तीन गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता फरार
पुलिस ने गुंजा को नविनगर थाने से गिरफ्तार किया, जबकि जयशंकर और मुकेश को गढ़वा से पकड़ा गया। जीवन सिंह की तलाश में पुलिस की कई टीमें झारखंड में छापेमारी कर रही हैं।
यह मामला हाल ही में मेघालय में हुए राजा रघुवंशी हत्याकांड से मेल खाता है, जिसमें पत्नी सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। ऐसे मामलों की बढ़ती संख्या समाज में रिश्तों की गिरती मर्यादा की ओर इशारा करती है।