भारतीय संस्कृति से जुड़ेंगे विद्यार्थी, दौलतपुर विद्यालय में संस्कृति ज्ञान अभियान की शुरुआत
छठु साह बोले– यह केवल कार्यक्रम नहीं, पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने का प्रयास है

जमालपुर, 5 जुलाई।
विद्या भारती के तत्वावधान में संचालित संस्कृति ज्ञान महा अभियान की तैयारी को लेकर शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर, दौलतपुर में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के प्रधानाचार्य, उपप्रधानाचार्य, प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य तथा समस्त आचार्य-आचार्याओं ने भाग लिया।

प्रधानाचार्य छठु साह ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि “संस्कृति समाज की आत्मा होती है और राष्ट्र निर्माण के लिए भारतीय परंपराओं को भावी पीढ़ी तक पहुँचाना समय की आवश्यकता है।” उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मगौरव, नैतिक मूल्य और राष्ट्रीय चेतना विकसित करने का माध्यम है।

विद्यालय समिति के सचिव चंद्रशेखर खेतान ने कहा कि विद्या भारती प्रारंभ से ही शिक्षा को जीवन मूल्य और राष्ट्र के उत्थान से जोड़ने की दिशा में कार्य करती रही है। यह अभियान उसी दिशा में एक निर्णायक कदम है।

कोषाध्यक्ष सुधीर सिंह ने जानकारी दी कि विद्यालय में भारतीय परंपरा से जुड़ी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें छात्रों की नेतृत्व क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि गतिविधियों के संचालन हेतु बजट तथा आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था भी की जा रही है।

उपप्रधानाचार्य संतोष कुमार ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रत्येक आचार्य को अलग-अलग गतिविधियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत विद्यालय से होगी और आगे इसे नगर एवं क्षेत्रीय स्तर तक विस्तारित किया जाएगा।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नियमित अंतराल पर विद्यालय में भारतीय संस्कृति, नैतिकता और जीवन मूल्यों पर आधारित गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व में संतुलन और संवेदनशीलता का विकास हो।

बैठक में प्रमुख रूप से समिति सदस्य उदय कुमार, शैल कुमारी, सरस्वती शिशु मंदिर मुंगेरपथ की प्रधानाचार्या किरण कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

अंत में सभी सदस्यों ने अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *