मीडिया को धमकाने वाले बयान पर भाजपा का तीखा प्रहार
तेजस्वी का व्यवहार लोकतंत्र पर हमला : संजय खंडेलिया
खगड़िया।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव द्वारा मीडिया को लेकर दिए गए बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ा ऐतराज जताया है। प्रदेश उपाध्यक्ष संजय खंडेलिया ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सुनियोजित हमला बताते हुए कहा कि यह बयान न सिर्फ अभद्र है, बल्कि उनकी मानसिक हताशा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अनादर को भी दर्शाता है।
खगड़िया में आयोजित प्रेस वार्ता में श्री खंडेलिया ने कहा, “तेजस्वी यादव का यह रवैया वही ‘जंगलराज’ दोहराने का संकेत है, जिसे बिहार की जनता ने वर्षों पहले नकार दिया था। मीडिया को धमकाना और मंच से बाहुबलियों की चर्चा करना शर्मनाक ही नहीं, आपराधिक मानसिकता की मिसाल है।”
काले दौर की याद दिला रहे तेजस्वी : खंडेलिया
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि तेजस्वी के हालिया बयान ने 1990 से 2005 तक के उस दौर की स्मृति ताजा कर दी है जब बिहार अपहरण, फिरौती, हत्या और लूट की गिरफ्त में था। उन्होंने कहा कि अब का युवा वर्ग भले उस समय को न जिया हो, लेकिन तेजस्वी की भाषा और तेवर उसी भयावह समय की गूंज हैं।
राजद बन चुका है पारिवारिक कंपनी : भाजपा
खंडेलिया ने राजद पर वंशवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी अब केवल एक परिवार की प्राइवेट लिमिटेड बन चुकी है। उन्होंने कहा, “नेतृत्व योग्यता से नहीं, पारिवारिक वंश से तय हो रहा है। तेजस्वी यादव की जिम्मेदारी जनता के प्रति नहीं, सिर्फ अपने परिवार के हितों के प्रति है।”
भाजपा करेगी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा
भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि पार्टी और उसके कार्यकर्ता मीडिया की स्वतंत्रता और संविधानिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, “हम किसी को भी लोकतंत्र की नींव को कमजोर नहीं करने देंगे। मीडिया, न्यायपालिका और चुनाव आयोग – कोई भी संस्था राजद के आरोपों से अछूती नहीं रही है। यह उनकी हताशा को दर्शाता है।”
उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक दबाव या धमकी से भयभीत न हों और निडर होकर सत्य को सामने लाते रहें।
प्रेसवार्ता में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में भाजपा के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील चौधरी, प्रमोद शाह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अश्विनी सिंह, अश्वनी चौधरी, नगर अध्यक्ष रितेश शर्मा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष संजय ठाकुर, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना सिंह पटेल समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में तेजस्वी यादव के बयान की आलोचना की और मीडिया के समर्थन में भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराई।