गरीबों के हक में उठी आवाज, नगर परिषद घेराव आज दोपहर 3 बजे से
मतदाता सूची से नाम कटने और आवास योजना में घोटाले के खिलाफ हल्ला बोल
जमालपुर, 19 जुलाई — शहरी बेघरों और गरीबों के अधिकारों को लेकर आज जमालपुर नगर परिषद कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन होने जा रहा है। दोपहर 3 बजे से आयोजित इस ‘हल्ला बोल’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटेंगे। आयोजन का उद्देश्य है—नगर निकाय के उदासीन रवैये और अधिकारियों की कथित हिटलरशाही के खिलाफ मोर्चा खोलना।
आवासीय प्रमाण पत्र में धांधली का आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि हाल में हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान उन्होंने अंचल कार्यालय में आवासीय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन दिया था। लेकिन अधिकांश फॉर्म बिना किसी स्पष्ट कारण के रिजेक्ट कर दिए गए। इससे ना केवल उनका नाम मतदाता सूची से हटने का खतरा बन गया है, बल्कि उन्हें सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं से भी वंचित होने का डर है।

तीन वर्षों से अधर में लटकी बहुमंजिला आवास योजना
विरोध का एक प्रमुख कारण नगर परिषद की बहुप्रतीक्षित बहुमंजिला आवास योजना भी है। शहरी गरीबों के लिए वित्तीय वर्ष 2023-24 में 5 करोड़ रुपये, 2024-25 में 4 करोड़ और 2025-26 में 4 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया था। लेकिन तीन साल गुजरने के बाद भी एक भी लाभार्थी को योजना का लाभ नहीं मिला है, जिससे गरीबों में भारी आक्रोश है।
जन आंदोलन की रूपरेखा तैयार
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि यह सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन की शुरुआत है। वे चाहते हैं कि नगर परिषद और जिला प्रशासन जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें और योजनाओं को जमीन पर उतारें।
लोगों से की गई भारी संख्या में शामिल होने की अपील
इस आंदोलन में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों से जुड़ने की अपील की गई है। आयोजकों ने कहा, “यह सिर्फ शहरी गरीबों की लड़ाई नहीं, बल्कि हर उस नागरिक की लड़ाई है जो अपने हक और सम्मान के लिए खड़ा होना चाहता है।”