शहरी बेघरों ने जमालपुर नगर परिषद कार्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन
आवास निर्माण की मांग को लेकर महिलाओं ने संभाली कमान, पार्षद साईं शंकर ने किया नेतृत्व
जमालपुर, संवाददाता।
रेलवे की सरकारी जमीन पर दशकों से झोपड़ियों में गुजर-बसर कर रहे शहरी बेघर गरीबों ने शनिवार को जमालपुर नगर परिषद कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। बहुमंजिला आवास निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और परिषद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना पर बैठ गईं।
प्रदर्शन की अगुवाई वार्ड पार्षद साईं शंकर ने की। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद जमालपुर द्वारा वित्तीय वर्षों 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए क्रमशः 5, 4 और 4 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया था। इसके बावजूद आज तक एक भी शहरी गरीब को योजना का लाभ नहीं मिला है।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने ‘गरीबों का हक मारना बंद करो’, ‘हर बेघर को छत दो’, ‘बहुमंजिला इमारत का निर्माण कराओ’ जैसे नारे लगाते हुए कार्यपालक पदाधिकारी विजयशील गौतम से सीधी बातचीत की।
इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि बहुमंजिला आवास योजना के अंतर्गत शहरी बेघरों के लिए फॉर्मेट तैयार किया गया है। सोमवार तक इच्छुक महिला आवेदकों को नगर परिषद क्षेत्र के आधार और वोटर कार्ड नंबर सहित फॉर्म जमा करने होंगे।
धरना स्थल पर मौजूद महिलाओं में माला देवी, रेखा देवी, पूजा देवी, आरती देवी, बबीता देवी, पूनम देवी, जुली कुमारी, शर्मिला कुमारी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं शामिल थीं। वहीं पुरुषों में निरंजन तिवारी, आर.के. मंडल, रिंकू कुमार, श्याम मंडल, गांधी राउत, दीप नारायण राउत, सागर कुमार, संजय दास, राजा कुमार आदि लोगों की भी उपस्थिति रही।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही आवास योजना पर अमल नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।