महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और कदम
खगड़िया में संजय खंडेलिया की पहल पर सैकड़ों महिलाओं को मिली मुफ्त सिलाई मशीनें

खगड़िया, 20 जुलाई
ग्रामीण प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में खगड़िया में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं युथ फाउंडेशन (रजि.) के मुख्य संरक्षक संजय खंडेलिया की अगुवाई में रविवार को एक भव्य सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले की सैकड़ों महिलाओं को नि:शुल्क सिलाई मशीनें प्रदान की गईं।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना और उनके पारंपरिक हुनर — सिलाई, कढ़ाई, बुनाई — को जीविका का साधन बनाना रहा। इस मौके पर श्री खंडेलिया ने कहा, “यह सिर्फ मशीन नहीं, आत्मनिर्भरता की एक चाबी है। जब एक महिला सशक्त होती है, तो उसके साथ पूरा परिवार, समाज और अंततः राष्ट्र सशक्त होता है।”

उन्होंने आगे बताया कि युथ फाउंडेशन का यह निरंतर प्रयास रहेगा कि आर्थिक रूप से पिछड़ी महिलाओं को ऐसे अवसर दिए जाएं जिससे वे स्वाभिमान के साथ जीवन जी सकें। उन्होंने यह भी आह्वान किया कि समाज को मिलकर ऐसी पहलों को आगे बढ़ाना चाहिए ताकि ग्रामीण भारत की नींव और मजबूत हो।

कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने भी खुले दिल से अपने विचार साझा किए। किसी ने कहा कि पहली बार उन्हें लगा कि उनकी काबिलियत को मान्यता मिली है, तो किसी ने इसे अपने भविष्य की दिशा में पहला ठोस कदम बताया।

इस अवसर पर युथ फाउंडेशन के उपाध्यक्ष अमित सोनी, सचिव पुरुषोत्तम कुमार, कोषाध्यक्ष हर्ष केडिया, राहुल कुमार, ऋषि यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रमोद शाह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अश्विनी सिंह, अश्विनी चौधरी, भाजपा नेत्री वंदना सिंह पटेल, नगर अध्यक्ष रितेश शर्मा एवं भाजयुमो नगर अध्यक्ष संतोष सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संपूर्ण आयोजन में आत्मनिर्भर भारत की झलक और सामाजिक चेतना का समावेश देखने को मिला, जो आने वाले समय में अन्य जिलों के लिए भी एक प्रेरणा बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *