करियर लॉन्चपैड 2025-26 : प्लेसमेंट ओरिएंटेशन का आयोजन
छात्रों को दी गई उच्च शिक्षा और रोजगार मार्गदर्शन की जानकारी
पटना। संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, पटना में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के आरंभ पर प्लेसमेंट सेल द्वारा ‘करियर लॉन्चपैड’ ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार व उच्च शिक्षा के लिए सशक्त मार्गदर्शन देना और उन्हें समय रहते तैयारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत प्लेसमेंट सेल के प्रमुख श्री पियूष रंजन सहाय के संबोधन से हुई। उन्होंने छात्रों से कहा कि प्लेसमेंट की तैयारी समय रहते शुरू करने से बेहतर अवसरों का लाभ उठाया जा सकता है। श्री सहाय ने बताया कि कॉलेज द्वारा आयोजित परामर्श सत्रों में सक्रिय भागीदारी ही सफलता की कुंजी होगी।

इस अवसर पर प्लेसमेंट सेल की आगामी गतिविधियों की जानकारी दी गई और पूर्व छात्रों द्वारा रिज़्यूमे निर्माण, उद्योग की आवश्यकताएं और पेशेवर व्यवहार के विषय में उपयोगी सुझाव साझा किए गए। कार्यक्रम के दौरान 2024 के प्लेसमेंट रिपोर्ट का भी प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसमें प्रमुख कंपनियों की भागीदारी और विद्यार्थियों की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया।
पिछले वर्ष आयोजित ‘सीपीबीएफआई–बजाज फिनसर्व’ की 120 घंटे की प्रमाणपत्र कार्यशाला की जानकारी भी छात्रों को दी गई, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में संचालित की गई थी।
सिर्फ रोजगार ही नहीं, कार्यक्रम में उच्च शिक्षा की दिशा में भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया। ‘बिशप 3.0’ सत्र के अंतर्गत आत्मविश्लेषण और लक्ष्य निर्धारण पर विशेष चर्चा हुई। कॉलेज द्वारा एक क्यूआर कोड भी साझा किया गया, जिसके माध्यम से छात्र अपने करियर पथ – प्लेसमेंट या उच्च शिक्षा – का चयन कर सकते हैं, जिससे उन्हें व्यक्तिगत मेंटरिंग और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
ओरिएंटेशन सत्र ने विद्यार्थियों को आगामी शैक्षणिक वर्ष के लिए प्रेरित किया और उन्हें उनके भविष्य की दिशा में एक सशक्त शुरुआत दी।