‘राखी के धागे संग वोट का वचन’ – रक्षाबंधन पर तेजस्वी यादव की बहनों से खास अपील
पटना। विधानसभा चुनाव 2025 की आहट के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रक्षाबंधन के अवसर पर बिहार की बहनों को भावनात्मक पत्र लिखकर राजनीतिक संदेश दिया है। सोशल मीडिया पर साझा इस चिट्ठी में उन्होंने राखी की शुभकामनाओं के साथ-साथ ‘वोट का रक्षा सूत्र’ मांगते हुए महिलाओं के लिए कई योजनाओं का वादा किया।
तेजस्वी ने लिखा कि नीतीश सरकार के 20 साल के शासन में घोटाले और नाकामी ही देखने को मिले हैं, और सत्ता में आने पर 70 हजार करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने बहनों से आग्रह किया कि इस बार महागठबंधन को मजबूत कर उन्हें मौका दें, ताकि महिलाओं और बेटियों के लिए नई योजनाएं लागू की जा सकें।
महिलाओं के लिए खास घोषणाएं
पत्र में तेजस्वी यादव ने ‘बेटी प्रोग्राम’ जैसी महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की, जिसमें जन्म से लेकर रोजगार तक बेटियों की संपूर्ण देखभाल का वादा किया गया है। इसके साथ ही ‘माई-बहन मान योजना’ के तहत हर महीने 2500 रुपये की सहायता, विधवा और बुजुर्ग महिलाओं के लिए 1500 रुपये पेंशन, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और उच्च स्तरीय कोचिंग संस्थान की सुविधा देने की बात कही।
भावनात्मक संदेश के साथ राजनीतिक संकेत
तेजस्वी ने लिखा, “मेरी प्रिय बिहार की बहनों, आज अपने भाइयों को राखी बांधने के बाद एक राखी अपने इस भाई तेजस्वी के नाम की भी बांधें। भले मैं हर घर नहीं आ सकता, लेकिन आपकी खुशहाली और सुरक्षा के लिए नीतियां बना रहा हूं।”