खगड़िया से पटना तक फैला डीएसपी का साम्राज्य, SVU की छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
पटना/खगड़िया, — बिहार के जहानाबाद में मुख्यालय डीएसपी के पद पर तैनात संजीव कुमार पर विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई की. पटना, खगड़िया, बेगूसराय और समस्तीपुर में एक साथ हुई छापेमारी में आलीशान इमारतें, कीमती प्लॉट, बहुमूल्य आभूषण, ट्रक और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए.
सुबह 8 बजे खगड़िया जिला मुख्यालय के बलुआही स्थित ‘डीएसपी संजीव कुमार बिल्डिंग’ पर पहुंची SVU टीम ने चार मंजिला मकान की तलाशी ली. यहां से ‘नेक्टर हॉस्पिटल’ के दस्तावेज, लगभग 38 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और कई बैंक खातों से जुड़ी जानकारियां मिलीं. इसी दौरान बेगूसराय, खगड़िया और समस्तीपुर से करोड़ों की जमीनों के कागजात बरामद किए गए. जांच में यह भी सामने आया कि संजीव कुमार की पत्नी के नाम पर 10 ट्रक रजिस्टर्ड हैं, जिनकी कुल कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है.
1994 में सरकारी सेवा में आए संजीव कुमार की अनुमानित वैध आय 3.43 करोड़ और व्यय 1.89 करोड़ रुपये होना चाहिए था, लेकिन SVU के अनुसार उनके पास 1.52 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्ति पाई गई, जिसका स्रोत संदिग्ध है. इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत केस संख्या 16/2025 दर्ज कर लिया गया है.
छापेमारी की कार्रवाई डीएसपी सुधीर कुमार और चंद्रभूषण के नेतृत्व में करीब छह घंटे तक चली. इस दौरान पुलिस महकमे में खलबली मच गई. संजीव कुमार उस समय पटना में छुट्टी पर थे. गिरफ्तारी को लेकर SVU ने कहा कि आगे की कार्रवाई मुख्यालय के निर्देश पर होगी.
नीतीश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत हुई इस छापेमारी को भ्रष्टाचार में लिप्त अफसरों के लिए सख्त चेतावनी माना जा रहा है. बरामद दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है, जिससे कई और गड़बड़ियों के उजागर होने की संभावना है.