स्वतंत्रता दिवस पर नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान: युवाओं, मरीजों, कारोबारियों और प्रवासी बिहारियों के लिए चार सौग़ातें

पटना – गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारवासियों के लिए चार बड़ी घोषणाओं का पिटारा खोल दिया। उनके संबोधन ने जहां प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे युवाओं को राहत दी, वहीं स्वास्थ्य, उद्योग और परिवहन क्षेत्र को भी नई दिशा देने का संकेत दिया।

सस्ती परीक्षाएं, अब मुख्य परीक्षा निशुल्क
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि राज्य में किसी भी प्रतियोगी परीक्षा का फॉर्म शुल्क अब सिर्फ ₹100 होगा। इतना ही नहीं, मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह कदम आर्थिक तंगी से जूझ रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

सात नए मेडिकल कॉलेज
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की ओर कदम बढ़ाते हुए नीतीश ने बताया कि बिहार में सात नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। इससे न केवल मेडिकल शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि ग्रामीण व दूरदराज़ इलाकों में भी विशेषज्ञ डॉक्टर और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उद्योगों को सब्सिडी, रोज़गार के नए मौके
उद्योग जगत को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार अब फैक्ट्री और कारोबार शुरू करने वाले उद्यमियों को विशेष सब्सिडी देगी। इससे निवेश बढ़ने और युवाओं के लिए रोजगार सृजन की उम्मीद जताई जा रही है।

त्योहारों पर विशेष बस सेवा
प्रवासी बिहारियों के लिए मुख्यमंत्री ने भावनात्मक घोषणा की कि दिवाली और छठ महापर्व पर दूसरे राज्यों से बिहार आने-जाने के लिए विशेष बस सेवाएं चलाई जाएंगी, ताकि बाहर काम करने वाले लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *