स्वतंत्रता दिवस पर जेवियर यूनिवर्सिटी में देशभक्ति का उमड़ा जज़्बा, सैन्य अनुशासन और शिक्षा का संगम

पटना। जेवियर यूनिवर्सिटी, पटना में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। तिरंगे की शान और स्वतंत्रता के गौरव को सलाम करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे मुख्य अतिथि कर्नल (सेवानिवृत्त) अमित सिन्हा द्वारा ध्वजारोहण से हुई। राष्ट्रगान की गूंज ने पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।

उपकुलपति ने स्वागत भाषण में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को याद करने और आत्म-परिवर्तन के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। इसके बाद ध्वनि क्लब ने भावपूर्ण देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में जोश भर दिया।

मुख्य अतिथि कर्नल सिन्हा ने अपने संबोधन में सेना के अनुभवों को साझा करते हुए अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्रीय गर्व के महत्व पर जोर दिया। उनका प्रेरक संदेश छात्रों के मन में गहरी छाप छोड़ गया।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण विश्वविद्यालय के संकाय और शोधकर्ताओं द्वारा लिखित दो शोध-पत्र संकलन पुस्तकों का लोकार्पण रहा, जो जेवियर यूनिवर्सिटी की शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

थिएटर क्लब ने भारतीय सेना की शांति कालीन सेवाओं को दर्शाता मार्मिक माइम प्रस्तुत किया, वहीं डांस क्लब ने सांस्कृतिक विविधता और एकता को उजागर करती देशभक्ति नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *