नीट-पीजी में देशभर में 55वां स्थान हासिल कर एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल के पूर्व छात्र डॉ. विवेक आनंद ने बढ़ाया गौरव
सिमराही/पटना, संवाददाता। नगर पंचायत सिमराही स्थित एस.आर. शिक्षा सम्राट स्कूल के पूर्व छात्र डॉ. विवेक आनंद ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। बैसी निवासी मिथिलेश मिश्र के पुत्र डॉ. विवेक ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित नीट-पीजी परीक्षा 2025 में अखिल भारतीय स्तर पर 55वां स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया।
डॉ. विवेक आनंद इससे पहले पटना मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं और हाल ही में एम्स पटना में रेजीडेंट डॉक्टर चयन परीक्षा में पहला स्थान पाकर सुर्खियों में आए थे। लगातार मिल रही इन सफलताओं ने शिक्षा सम्राट स्कूल परिवार को गौरवान्वित कर दिया है।
विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने उनकी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा, “विद्यालय परिवार के लिए यह गर्व का क्षण है कि हमारे छात्र ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उनकी सफलता भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”
विद्यालय के अकादमिक निदेशक राजा रवि ने कहा कि डॉ. विवेक की उपलब्धि से सभी शिक्षक व छात्र उत्साहित हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में विद्यालय ऐसे सफल पूर्व छात्रों को बुलाकर विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
वहीं, विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने जानकारी दी कि जल्द ही विद्यालय में डॉ. विवेक आनंद के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा।
डॉ. विवेक की इस सफलता पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों में खुशी की लहर है। सभी ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।