वोटर सूची में बरकरार रंजू देवी का नाम, राहुल गांधी के सामने निकली झूठी शिकायत
रोहतास। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान सोमवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड के चपला गांव की रहने वाली रंजू देवी ने राहुल गांधी से कहा था कि उसके परिवार के छह सदस्यों का नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है। लेकिन बाद में जांच में यह दावा गलत साबित हुआ।
दरअसल, रंजू देवी ने राहुल गांधी से शिकायत करते हुए कहा कि पंचायत सचिव ने उन्हें बताया है कि उनके परिवार का नाम सूची से हटा दिया गया है। इस जानकारी के आधार पर वह राहुल गांधी के कार्यक्रम में पहुंचीं और वही बात दोहरा दी। हालांकि बाद में जब वास्तविकता सामने आई, तो पाया गया कि रंजू देवी और उनके पूरे परिवार के नाम अब भी मतदाता सूची में दर्ज हैं।
गांव के लोगों का कहना है कि पढ़ाई-लिखाई कम होने और सही जानकारी न मिलने की वजह से यह भ्रम फैला। स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों ने भी रंजू देवी को यही समझाया कि उनके परिवार का नाम सूची से काटा गया है और इस बात को राहुल गांधी तक पहुंचाना चाहिए।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने अपनी वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत सासाराम से की है। इस दौरान वे उन लोगों से मुलाकात कर रहे हैं जिनके नाम कथित तौर पर मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इसी क्रम में रंजू देवी को उनके सामने पेश किया गया, लेकिन बाद में साफ हो गया कि उनका नाम और उनके परिवार का नाम वोटर लिस्ट में जस का तस मौजूद है