नेतृत्व और करियर पर प्रेरक संवाद : सेंट जेवियर्स कॉलेज में दि हिंदू ग्रुप के वाइस-प्रेसिडेंट श्रीधर अर्नाला ने बांटे अनुभव
पटना, 23 अगस्त।
सेंट जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, पटना में शनिवार को विद्यार्थियों के लिए एक विशेष इंटरएक्टिव सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दि हिंदू ग्रुप के वाइस-प्रेसिडेंट एवं एस एंड डी हेड श्रीधर अर्नाला रहे, जिन्होंने छात्रों से “नेतृत्व और करियर विकास : लोगों का प्रबंधन, दबाव और समय-सीमा” विषय पर संवाद किया।
इस अवसर पर कॉलेज के रेक्टर फादर जोसेफ सेबेस्टियन एसजे, प्राचार्य फादर डॉ. मार्टिन पोरस एसजे, उपप्राचार्य फादर डॉ. शेरी जॉर्ज एसजे, संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। श्री अर्नाला के साथ दि हिंदू ग्रुप के जीएम रोनी गुप्ता और कुमार नितिन भी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में श्री अर्नाला ने कहा कि सच्चा नेतृत्व केवल पदवी का विषय नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने और दूसरों को प्रेरित करने की क्षमता है। उन्होंने छात्रों को यह संदेश दिया कि बेहतर नेता बनने के लिए सबसे पहले अच्छा इंसान बनना जरूरी है। कार्यक्षेत्र में दबाव और समय-सीमा का सामना करने के लिए धैर्य, अनुकूलनशीलता और टीम प्रबंधन जैसे कौशल बेहद अहम हैं।
कार्यक्रम का संचालन मास कम्युनिकेशन विभाग की सहायक प्राध्यापिका श्रीमती प्रिया मनीष कुमार ने किया। संवाद सत्र में छात्रों ने नेतृत्व, संघर्ष प्रबंधन और करियर विकास से जुड़े सवाल रखे जिनका श्री अर्नाला ने अनुभवों के आधार पर विस्तार से उत्तर दिया।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती प्रिया मनीष कुमार ने किया। छात्रों ने इस संवाद से न सिर्फ प्रेरणा पाई बल्कि अपने भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए व्यावहारिक मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।
